- Hindi News
- Career
- UP Current Affairs 6 March | Leading Woodcraft Artist Padma Shri Godavari Singh Passed Away, IRCTC And IRFC Got ‘Navratna’ Status
उत्तर प्रदेश27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश में जल्द होने वाले RO/ARO, पटवारी और TET के सिंगल डे एग्जाम्स के लिए 6 मार्च, 2025 के करेंट अफेयर्स-
1. पद्म श्री गोदावरी सिंह का वाराणसी में निधन: 4 मार्च को काष्ठकला के प्रमुख शिल्पकार पद्म श्री गोदावरी सिंह का वाराणसी में निधन हो गया।

गोदावरी सिंह को काष्ठकला के ‘भीष्म पितामह’ का दर्जा प्राप्त था।
- गोदावरी सिंह ने लकड़ी के खिलौने बनाने की कला को बनारस की गलियों से देश-दुनिया तक फैलाया था।
- काष्ठकला की अद्भुत कलाकारी के लिए इन्हें साव 2024 में पद्म श्री सम्मान से सम्मानित किया गया था।
2. संभल की जामा मस्जिद अब विवादित ढांचा कहलाएगी: 4 मार्च को इलाहबाद उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में संभल जनपद की शाही मस्जिद को विवादित ढांचा करार दिया।

संभल की शाही मस्जिद के स्वरुप को लेकर लंबे समय से हिंदू और मुस्लिम पक्ष के मध्य विरोधाभास है।
- अब इस मस्जिद के स्वरुप का मामला न्यायालय के विचाराधीन है।
- विगत महीनों इस मस्जिद को लेकर ही दोनों समुदायों के मध्य हिंसक घटनाक्रम सामने आया था।
- संभल की जामा मस्जिद को लेकर हिंदू पक्ष का दावा है कि ये पहले हरिहर मंदिर था, जिसे बाबर ने 1529 में तुड़वाकर मस्जिद बनवा दिया।
राष्ट्रीय (National)
3. IRCTC और IRFC को ‘नवरत्न’ का दर्जा मिला: 4 मार्च को भारतीय रेलवे की सहायक कंपनियों IRCTC और IRFC को भारत सरकार द्वारा नवरत्न कंपनी का दर्जा प्रदान किया गया।

IRCTC इंडियन रेलवे की टिकट बुकिंग और कैटरिंग सेवा प्रदान करने वाली इकाई है।
- IRFC भारतीय रेलवे की वित्तीय शाखा है, जो रेलवे के बुनियादी ढांचे के लिए धन जुटाने का कार्य करती है।
- भारत सरकार के इस फैसले के बाद रेलवे की 7 सूचीबद्ध PSUs को नवरत्न का दर्जा मिल चुका है।
- वित्त मंत्रालय के तहत आने वाला डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज यानी DPE कंपनियों को ‘नवरत्न’ का दर्जा देता है।
4. ‘सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान-2025′ की शुरुआत: 4 मार्च को नई दिल्ली में पंचायती राज संस्थानों की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए ‘सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान 2025’ का शुभारंभ हुआ।

इस सम्मेलन में देश भर से 1,200 से अधिक महिला पंचायत नेताओं को एक मंच पर लाया गया।
- इस अभियान का उद्देश्य पूरे देश में पंचायती राज संस्थानों की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को सशक्त बनाना है।
- भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
5. IIMC बनेगा विश्वस्तरीय मीडिया विश्वविद्यालय: 4 मार्च को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली को विश्वस्तरीय मीडिया विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की।

4 मार्च, 2025 को IIMC के 56वें दीक्षांत समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंस्टीट्यूट को वर्ल्ड क्लास बनाने की घोषणा की।
- IIMC की स्थापना अगस्त, 1965 में हुई थी।
- IIMC वर्तमान में JNU कैंपस स्थित मुख्यालय के अलावा 5 क्षेत्रीय परिसरों- धेनकेनाल, आइजोल, अमरावती, कोट्टायम और जम्मू में संचालित हैं।
अन्तर्राष्ट्रीय
6. काहिरा में अरब लीग शिखर सम्मेलन का आयोजन: 4 मार्च को मिस्र की राजधानी काहिरा में एक आपातकालीन अरब शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस सम्मेलन के दौरान अरब लीग के नेताओं ने 53 अरब डॉलर के गाजा के पुनर्निर्माण की योजना प्रस्तुत की।
- अरब लीग के नेताओं ने यह कदम गाजा पर कब्जा करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के जवाब में उठाया है।
- अरब लीग का गठन 22 मार्च, 1945 को काहिरा, मिस्र में किया गया था।
- अरब लीग में वर्तमान में 22 देश- अल्जीरिया, बहरीन, कोमोरोस, जिबूती, मिस्र, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, लीबिया, मॉरिटानिया, मोरक्को, ओमान, फिलिस्तीन, कतर, सऊदी अरब, सोमालिया, सूडान, सीरिया, ट्यूनीशिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं।
7. क्रिश्चियन स्टॉकर बने ऑस्ट्रिया नए चांसलर: 3 मार्च को क्रिश्चियन स्टॉकर ऑस्ट्रिया के नए चांसलर बने।

क्रिश्चियन स्टॉकर इस बार ऑस्ट्रिया के तीन दलों के गठबंधन (रूढ़िवादी पीपुल्स पार्टी (OVP), सोशल डेमोक्रेट्स (SPO) और उदारवादी नियोस (liberal Neos) का नेतृत्व कर रहें है।
- सितंबर, 2024 के संसदीय चुनाव में फार-राइट फ्रीडम पार्टी (FPO) लगभग 29% वोट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, लेकिन वो सरकार बनाने में विफल रहे।
- द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार ऑस्ट्रिया में कोई त्रि-पक्षीय गठबंधन सत्ता में आया है।
8. बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड की भारत यात्रा पर: 2 से 8 मार्च, 2025 तक बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

राजकुमारी एस्ट्रिड (बाएं), बेल्जियम के राजा फिलिप की बहन हैं।
- इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात की।
- वे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों का दौरा करेंगी।
- राजकुमारी की इस यात्रा के दौरान भारत और बेल्जियम के मध्य नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा तथा पर्यावरण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
स्पोर्ट्स
9. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव स्मिथ का वनडे क्रिकेट से संन्यास: 5 मार्च को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव स्मिथ ने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

स्मिथ ने यह फैसला 4 मार्च, 2025 दुबई में ICC चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारत के हाथों मिली हार के बाद लिया।
- स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 172 वनडे, 67 टी-20 तथा 116 टेस्ट मैच खेले हैं।
- स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 ICC वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे।
6 मार्च का इतिहास:
- 1508 में मुगल वंश के दूसरे शासक नासिरुद्दीन मुहम्मद हुमायूं का काबुल में जन्म हुआ था।
- 1775 में रघुनाथ राव और अंग्रेजों के बीच सूरत की संधि हुई थी।
- 1892 में प्रसिद्ध क्रान्तिकारी अम्बिका चक्रवर्ती का निधन हुआ था।
- 1902 में स्पेन में मशहूर फुटबॉल क्लब ‘मैड्रिड क्लब’ की स्थापना हुई थी।
- 1915 में शांति निकेतन में रवींद्रनाथ टैगोर और महात्मा गांधी पहली भेंट हुई थी।
- 1950 में प्रसिद्ध शिक्षाविद तथा संविधान सभा के पहले अस्थायी अध्यक्ष सच्चिदानन्द सिन्हा का निधन हुआ था।
- 1957 में घाना प्रधानमंत्री क्वामे न्क्रूमाह के नेतृत्व में एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था।
- 1991 में प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इस्तीफा दिया था।
ये खबर भी पढ़ें…
यूपी करेंट अफेयर्स – 5 मार्च: गोरखपुर में उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन; लंदन में यूरोपीय सुरक्षा सम्मेलन-2025 हुआ

उत्तर प्रदेश में जल्द होने वाले RO/ARO, पटवारी और TET के सिंगल डे एग्जाम्स के लिए 5 मार्च, 2025 के करेंट अफेयर्स। पढ़ें पूरी खबर…