- Hindi News
- National
- BJP Begins Organisational Election Process State Unit Chiefs Appointed National President
नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सोमवार को महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण, तेलंगाना में रामचंद्र राव और उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।
भाजपा अगले 2 दिन में 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान करेगी। संगठन चुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार को आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हुआ। सभी जगह एक-एक नामांकन है। ऐसे में चुनाव की जरूरत नहीं होगी। अध्यक्ष की घोषणा आज हो जाएगी।
मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दमन दीव और लद्दाख में मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होंगे। बुधवार को इन राज्यों के अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे। प्रदेश अध्यक्षों चुनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी।
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कम से कम 50% राज्यों में संगठनात्मक चुनाव होने के बाद ही होता है। फिलहाल भाजपा की 37 मान्यता प्राप्त राज्य इकाइयां हैं। इनमें से अब तक 14 राज्यों में अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। मंगलवार को 19 राज्यों के अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। संभव है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया जुलाई में ही शुरू हो जाए।

महाराष्ट्र से रवींद्र चव्हाण ने नॉमिनेशन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश में राजीव बिंदल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा।
सात राज्यों में अध्यक्ष के नाम तय सोमवार को उत्तराखंड में मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हिमाचल में राजीव बिंदल ने नामांकन कर दिया। वहीं, महाराष्ट्र में रवींद्र चव्हाण, आंध्र प्रदेश में पीवीएन माधव और तेलंगाना में रामचंद्र राव ने नामांकन किया है। दूसरी ओर, सोमवार को पुड्डुचेरी में वीपी रामलिंगम को प्रदेश बनाया गया। वहीं, मिजोरम में हाल ही में भाजपा में शामिल पूर्व मंत्री के. बैचुआ अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका

बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। वह एक्सटेंशन पर हैं। वहीं, वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं, इस वजह से भाजपा जल्द नया अध्यक्ष चुनने की तैयारी में जुटी है।
जेपी नड्डा को 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और जनवरी 2020 में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।