शिमला में मीडिया से बात करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष।
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार द्वारा फिर से लॉटरी शुरू करने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने राज्य सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है।
.
शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि, जब पूरी दुनिया विकास की ओर बढ़ रही है, तब हिमाचल प्रदेश लॉटरी की ओर लौट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब उन्हें लॉटरी खरीदने या बेचने में लगा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि भाजपा और कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और वीरभद्र सिंह ने लॉटरी को बंद किया था।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में लॉटरी की वजह से कई परिवार बर्बाद हो गए थे। इसी कारण इसे बंद किया गया था। लेकिन सरकार द्वारा पुनः शुरू करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है । भाजपा इसकी जोरदार तरीके से भर्त्सना करती है। बिंदल ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार मुनाफे के लिए प्रदेश की जनता को बर्बाद करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को नशे में धकेलने का काम कर रही है। हाईवे और PWD की जमीन पर नियमों के विपरीत शराब के ठेके चल रहे हैं। सरकार भांग को वैध करने की भी बात कर रही है।

मंडी में 6 अगस्त को होगा विशाल प्रदर्शन
बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दमनकारी सरकार चल रही है सरकार का विरोध करने वालो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। जो सरकारी कर्मचारी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर एफआईआर, ट्रांसफर या फाइल खोल दी जाती है, जो लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरते हैं उनके खिलाफ मुकदमे बना दिए जाते हैं, राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर गलत मुकदमे बना दिए जाते हैं, इसका सबसे बड़ा उदाहरण सिरमौर में हुई एफआईआर है।
उन्होंने कहा कि, थुनाग में जिन लोगों के परिवार, घर और जमीन आपदा में चली गई उनके खिलाफ तिरंगे की आड़ में 72 लोगों पर देशद्रोह के झूठे मुकदमे बना दिए गए और एक व्यक्ति तो जेल में भी है, उसे जमानत तक नहीं दे रहे हैं। ऐसे में अब वह लोग घर देखेंगे या जेल। बिंदल ने ऐलान किया कि इस दमनकारी सरकार के खिलाफ 6 अगस्त को मंडी में भाजपा एक विशाल धरना- प्रदर्शन का आयोजन करेगी।
केंद्र कर रही भरपूर मदद : भाजपा
उन्होंने दावा की केंद्र से अब तक बीते तीन सालों में 2388 करोड़ रु मिलाकर 7513 करोड़ रु की मदद की है जबकि मनरेगा, सड़को के पुनर्निर्माण, और एक लाख घर पीएम आवास योजना के तहत अतिरिक्त मदद की है।
बिंदल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर लॉटरी व्यवस्था को बंद किया जाएगा। उन्होंने साथ ही कि प्रदेश कि वर्तमान सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य 2000 के करीब बंद किए गए संस्थानों को भाजपा की सरकार आने पर पुनः खोला जाएगा।