दिल्ली26 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले 19 साल की स्नेहा देबनाथ का शव रविवार शाम को यमुना नदी से बरामद हुआ। स्नेहा मूलरूप से त्रिपुरा की रहने वाली थी और पिछले 6 दिनों से लापता था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्नेहा दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में बी.एससी की स्टूडेंट थी। वह साउथ दिल्ली के महरौली स्थित पर्यावरण कॉम्प्लेक्स इलाके में रह रही थी। 7 जुलाई को उसके लापता होने की जानकारी मिली थी।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, एक फैमिली फ्रेंड ने बताया कि स्नेहा ने आखिरी बार 7 जुलाई की सुबह 5.56 बजे अपने परिवार को फोन किया और बताया कि वह अपनी एक दोस्त से मिलने सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन जाएगी। फिर उसका फोन नहीं लगा।
अपने स्तर पर खोजबीन के बाद परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। जांच के दौरान, स्नेहा की आखिरी लोकेशन मजनू का टीला स्थित सिग्नेचर ब्रिज पर मिली थी। पूछताछ के दौरान एक कैब ड्राइवर ने बताया कि उसने स्नेहा को 7 जुलाई को सिग्नेचर ब्रिज पर छोड़ा था। कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने पुल पर एक लड़की को खड़ा देखा था।
तब से NDRF और स्थानीय पुलिस दिल्ली से नोएडा तक यमुना नदी में स्नेहा की तलाश कर रही थी। रविवार शाम टीमों को गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के नीचे नदी में स्नेहा का शव मिला। पुलिस ने बताया कि स्नेहा के परिवार ने उसके शव की पहचान की है।