- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुंबई के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट नाम से मशहूर दया नायक गुरुवार को पुलिस सेवा से रिटायर होंगे। महाराष्ट्र सरकार ने रिटायरमेंट से दो दिन पहले 29 जुलाई को उन्हें असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर के पद पर प्रमोट किया था। वे इससे पहले बांद्रा में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर इन-चार्ज के पद पर थे।
दया नायक 1995 में मुंबई पुलिस में शामिल हुए थे। वे 1990 के दशक में उन पुलिस अधिकारियों के रूप में मशहूर हुए, जिन्होंने कई गैंगस्टरों को एनकाउंटर्स में मार गिराया। दया नायक पर एक फिल्म भी बनी थी।
2006 में, एंटी करप्शन ब्यूरो ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में उन्हें क्लीन चिट दे दी गई थी। नायक ने महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) में भी काम किया। वे उस टीम का भी हिस्सा थे, जिसने 2021 में अंबानी आवास की सुरक्षा में गड़बड़ी और उसके बाद ठाणे के व्यवसायी मनसुख हिरेन की हत्या के मामले को सुलझाया था।
आज की और बड़ी खबर भी पढ़ें…
हैदराबाद एयरपोर्ट पर 40 करोड़ का गांजा जब्त, महिला गिरफ्तार; बैंकॉक से दुबई होते हुए भारत लौटी थी

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बुधवार को एक महिला यात्री के पास से 400 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। NCB ने बताया कि गांजे की अनुमानित कीमत 40 करोड़ रुपए है।
जांच में पता चला कि महिला ने बैंकॉक से गांजा खरीदा और दुबई के रास्ते भारत लौटी, ताकि किसी को शक न हो। क्योंकि बैंकॉक से सीधे भारत पर आने वाले यात्रियों से गांजा बरामद होने के कई मामले सामने आए हैं। NCB अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर, महिला यात्री को रोका और उसके दो चेक-इन बैग से गांजा जब्त किया। महिला के थाईलैंड और भारत में संबंधों की जांच जारी है।
देश में 5 साल में साइबर फ्रॉड के मामले 900% बढ़े, सबसे ज्यादा यूपी में 9.63 लाख केस दर्ज

देश में 5 साल में साइबर फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़े हैं। गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने राज्यसभा में बताया कि 2021 से 2025 (30 जून तक) के बीच इन अपराधों में करीब 900% की बढ़ोतरी हुई है।
सांसद जोस मणि के सवाल पर मंत्री ने बताया कि 2021 से 30 जून 2025 तक कुल 66 लाख से अधिक साइबर अपराध रिपोर्ट हुए। सबसे ज्यादा 9.63 लाख केस उत्तर प्रदेश में दर्ज किए गए।
इसके बाद महाराष्ट्र में 7.61 लाख, दिल्ली में 5.13 लाख, गुजरात में 4.93 लाख, कर्नाटक में 4.37 लाख, तमिलनाडु में 4.09 लाख, राजस्थान में 3.93 लाख, तेलंगाना में 3.75 लाख, पश्चिम बंगाल में 3.55 लाख और हरियाणा में 3.48 लाख मामले सामने आए।