बेंगलुरु से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट IX2936 180 यात्रियों का लगेज लिए बिना पटना पहुंची। यात्रियों से कहा गया कि वजन ज्यादा हो गया था, इसलिए लगेज नहीं ला पाए।
.
इसके बाद यात्री भड़क गए। एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। हालांकि अभी तक किसी भी यात्री को लगेज नहीं मिला है। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों का सामान सीधे उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। एयर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ और CISF के जवानों ने यात्रियों को शांत कराया।
कई ऐसे पैसेंजर भी थे, जिन्हें दूसरी फ्लाइट पकड़नी थी। लेकिन, लगेज नहीं आने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई।

लगेज नहीं मिलने के बाद पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा किया।

पटना एयरपोर्ट पर लगेज के बारे में जानकारी देते हुए पैसेंजर।
पैसेंजर को नहीं दी गई जानकारी
फ्लाइट में सवार विवेक शर्मा ने बताया- 8:30 बजे के करीब हमारी फ्लाइट बेंगलुरु से पटना लैंड हुई। अनाउंसमेंट के बाद अपना लगेज लेने गए तो सामान वहां नहीं पहुंचा था।
एयर इंडिया की तरफ से कहा गया कि बारिश के कारण लगेज भारी हो गया है। इस कारण लगेज नहीं लाया गया है। इसकी जानकारी किसी भी पैसेंजर को नहीं दी गई थी।
अभी भी कोई गारंटी नहीं दी गई है कि हमारा लगेज कब तक आएगा। सिर्फ एक रिसिप्ट दी गई है। कहा गया है कि आज या कल तक हमारे घर पहुंचा दिया जाएगा।
हमने जब एयरपोर्ट ऑथोरिटी से इसकी शिकायत की तो कहा गया है कि वो लोग चेक कर रहे हैं। आज-कल में हमारे घर लगेज पहुंचा दिया जाएगा। इसके लिए हमारी डिटेल भी लिखी गई है। कई पैसेंजर अब अपने घर जा रहे हैं, तो कई अभी भी लगेज का इंतजार कर रहे हैं।’

फ्लाइट में लगेज को लेकर क्या नियम है
हर एयरलाइन के लगेज को लेकर अलग-अलग दिशा-निर्देश होते हैं। सभी यात्रियों को इन नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। आमतौर पर दो तरह के लगेज होते हैं, पहला केबिन बैग, जिसे आप अपने साथ अंदर ले जा सकते हैं और दूसरा चेक-इन बैग, जिसे एयरलाइन काउंटर पर जमा किया जाता है। ये यात्री को फ्लाइट से उतरने के बाद एयरपोर्ट पर मिल जाता है।
दोनों तरह के लगेज के वजन अलग-अलग होते हैं, जो कि टिकट पर लिखे होते हैं। अगर आपका सामान निर्धारित वजन से ज्यादा है तो इसके लिए आपको अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
फ्लाइट में एक यात्री कितना सामान ले जा सकता है
फ्लाइट में आप हैंड बैग में 7-10 किलो तक का सामान ले जा सकते हैं। कुछ एयरलाइन्स में फर्स्ट और बिजनेस क्लास के यात्रियों को करीब 10 किलो तक का बैग ले जाने की अनुमति होती है।
वहीं चेक इन बैग में 15-30 किलो तक का सामान ले जा सकते हैं। हालांकि हर एयरलाइन्स की अपनी पॉलिसीज होती हैं। इसलिए यात्रा से पहले एक बार उसे जरूर चेक करें।

फ्लाइट में क्या सामान ले जा सकते हैं और क्या नहीं
फ्लाइट में सामान ले जाने को लेकर हर एयरलाइन के अपने-अपने नियम होते हैं। लेकिन कुछ सामान्य दिशा-निर्देश हैं, जो अधिकतर फ्लाइट्स पर लागू होते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-
