- Hindi News
- Jeevan mantra
- Jyotish
- Saptahik Rashifal (Weekly Horoscope) | Saptahik Rashifal (7 To 13 April 2025), Weekly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs
32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

7 से 13 अप्रैल तक चंद्रमा कर्क, सिंह, कन्या और तुला राशि में रहेगा। इन दिनों चंद्रमा पर सभी ग्रहों का असर रहेगा। जिससे सिंह और कन्या राशि वालों को इस हफ्ते सितारों का साथ मिलेगा।
तुला राशि के लोगों को कामकाज में सफलता मिलेगी। कुंभ राशि वालों की इनकम बेहतर होगी। मीन राशि वालों को प्रमोशन मिल सकता है। वहीं, बाकी राशियों के लिए ये हफ्ता सामान्य बितेगा।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसे रहेंगे ये सात दिन…

मेष – पॉजिटिव- इस सप्ताह कई तरह की गतिविधियों में आपकी व्यस्तता रहेगी। आपके योगदान की सराहना होगी। व्यक्तिगत कार्य भी पारिवारिक सदस्यों की मदद से काफी हद तक पूरे हो जाएंगे। नजदीकी संबंधियों के साथ मेल मुलाकात के अवसर मिलेंगे। नेगेटिव- अपनी पर्सनल लाइफ में किसी तरह का रिस्क न लें। सप्ताह के दूसरे पक्ष में कुछ नकारात्मक मनोस्थिति रह सकती है। ऐसा महसूस होगा जैसे समय हाथ से निकलता जा रहा है। यह समय धैर्य और संयम रखने का है। त्योहार की वजह से नशीले पदार्थों का सेवन करना मान-सम्मान में नुकसान पहुंचाएगा। व्यवसाय- बिजनेस में बदलाव आएंगे। जल्दबाजी की बजाय सहज तरीके से समाधान निकालें। मीडिया तथा ऑनलाइन गतिविधियों द्वारा नई व्यवसायिक जानकारियां हासिल करें। सरकारी नौकरी पेशा लोगों को कोई विशेष काम मिलेगा। लव- पति-पत्नी के बीच घर की समस्या को लेकर कुछ तनाव रहेगा। गुस्से की बजाय शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं को सुलझाएं। स्वास्थ्य- व्यवस्थित दिनचर्या और खानपान रखने से सेहत संबंधी चल रही समस्या से कुछ राहत मिलेगी। आप खुद को सकारात्मक महसूस करेंगे। भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 9

वृष – पॉजिटिव- परिवार और फाइनेंस से संबंधित लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय सकारात्मक रहेंगे। तथा पिछले कुछ समय से चल रही किसी समस्या का भी निदान होगा। कोई शुभ सूचना मिलने से घर में उत्सव भरा माहौल रहेगा। नेगेटिव- सप्ताह के बीच में ग्रह स्थिति प्रतिकूल बन सकती है। नकारात्मक परिस्थितियों में अपना मनोबल गिरने ना दें। इस समय कोई भविष्य संबंधी योजना निष्फल सकती हैं। तनाव लेने की बजाय पुनः प्रयास करें। व्यवसाय- किसी कार्य की उचित जानकारी ना होने की वजह से कोई बड़ा ऑर्डर आपके हाथ से निकल सकता है। कुछ लोग आपको उलझन में डालने का प्रयास करेंगे। दूसरों की बातों में ना आकर अपने निर्णय को ही सर्वोपरि रखें। ऑफिस में भी अपने अधिकारों का प्रयोग करें। लव- पति-पत्नी आपसी सहयोग से घर में उचित व्यवस्था बनाकर रखेंगे। लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जरूर जाए। स्वास्थ्य- मौसम तथा स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही रखने से घुटनों तथा जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ सकती है। इससे राहत पाने के लिए अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित करे तथा व्यायाम पर भी ध्यान दें। भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 7

मिथुन – पॉजिटिव- परिवार की खुशहाली के लिए कुछ खर्च करना बेहतर रहेगा। युवा वर्ग अपनी पहली इनकम मिलने से बहुत प्रसन्न रहेंगे। बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद व स्नेह घर के वातावरण को सुखमय बनाकर रखेगा। निवेश करने जैसी गतिविधियों में भी व्यस्तता बनी रहेगी। नेगेटिव- अपना मनोबल बनाए रखें तथा नकारात्मक परिस्थितियों को बहुत ही सहज और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास करें। युवा वर्ग मौज मस्ती में समय व्यतीत करने की वजह अभी कार्यप्रणाली और अधिक बेहतर करने में समय लगाएं। व्यवसाय- इस सप्ताह व्यवसाय में कुछ चुनौतियां और परेशानियां रहेंगी। आप अपनी सूझबूझ तथा उचित निर्णय द्वारा काफी हद तक समस्याओं को सुलझा लेंगे। कर्मचारियों के सलाह पर भी जरूर ध्यान दें आपको कोई उचित समाधान मिल सकता है। लव- पारिवारिक लोगों के साथ समय व्यतीत करना सुकून भरा तथा तनाव मुक्त रखेगा। युवाओं का प्रेम संबंधों के प्रति भावनात्मक लगाव बढ़ेगा। स्वास्थ्य- ज्यादा मेहनत की वजह से तनाव व कमजोरी महसूस हो सकती हैं। सर्वाइकल तथा नसों में खिंचाव जैसी समस्या भी परेशान करेगी। भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 3

कर्क – पॉजिटिव- प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनेंगे। कार्यभार बढ़ेगा। नई जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम रहेंगे। विद्यार्थी सही दिशा में प्रयास करें तो बेहतरीन सफलता मिल सकती हैं। युवा वर्ग अपने भविष्य को लेकर ज्यादा सक्रिय और गंभीर रहेंगे। नेगेटिव- बच्चों की समस्याओं को सुलझाने में उनका सहयोग करें। किसी पड़ोसी के साथ वाद-विवाद जैसी स्थिति बन रही है। बेहतर होगा कि दूसरों के मामले में ना उलझ कर अपने कार्यों में ध्यान दें। जल्दबाजी में कोई फैसला लेना पछतावा भी दे सकता है। व्यवसाय- व्यवसायिक क्षेत्र पर अपनी उपस्थिति अनिवार्य रखें। कर्मचारियों तथा स्टाफ के सुझाव का खुले दिल से स्वागत करें। इससे आपके कारोबार में विस्तार की उचित संभावना बनेगी। ऑफिस में अपने सहयोगियों के साथ टीम वर्क में काम करें तो उचित रहेगा। लव- अपने प्रियजनों के साथ संबंधों में भावनात्मक मजबूती आएगी। प्रेम संबंध में सौहार्दपूर्ण रहेंगे। स्वास्थ्य- अपनी क्षमता से अधिक कार्यभार ना लें। शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर महसूस करेंगे। ध्यान और मेडिटेशन जरूर करें। भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 5

सिंह – पॉजिटिव- इस सप्ताह की ग्रह स्थिति आपके मनोबल और आत्मविश्वास को मजबूत कर रही है। किसी भी विपरीत परिस्थिति का समाधान पाने में आप सक्षम रहेंगे। घर में किसी प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन संबंधी योजनाएं बनेंगी। अपने आसपास के वातावरण में आपका प्रभुत्व बना रहेगा। नेगेटिव- कभी-कभी ऐसा भी महसूस होगा कि मेहनत की अपेक्षा परिणाम अनुकूल नहीं मिल रहे हैं। यह सिर्फ आपका वहम ही है। धैर्य और संयम से आप समस्या को काबू में कर लेंगे। घर-परिवार के कार्य में अत्यधिक व्यस्तता के कारण आप स्वयं पर अधिक ध्यान नहीं दे पाएंगे। व्यवसाय- कोई भी व्यवस्था एक निर्णय लेते समय किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह-मशविरा अवश्य करें। एक गलत निर्णय आपके फायदे को नुकसान में तब्दील कर सकता है। साथ ही लाटरी, शेयर्स आदि जैसे कार्यों में अपना पैसा ना लगाएं। सरकारी सेवारत लोगों के ऊपर कोई महत्वपूर्ण अथॉरिटी आ सकती है। लव- वैवाहिक संबंधों में मधुरता रहेगी। मित्रों से मेल मुलाकात तनाव से राहत प्रदान करेगी। स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर या चोट लगने जैसी स्थितियां बन रही है। अपने आवेग व क्रोध पर नियंत्रण रखें। भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 5

कन्या – पॉजिटिव- इस सप्ताह ग्रह स्थिति अनुकूल बनी हुई है। सही समय का सही सदुपयोग करना आपकी क्षमता पर भी निर्भर करता है। महिलाएं अपनी व्यक्तिगत तथा प्रोफेशनल गतिविधियों को सुचारू रूप से निर्वाह करेगी। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए भी जी तोड़ मेहनत कर लेंगी। नेगेटिव- शेयर्स और रिस्क प्रवृत्ति के कार्यों में रुचि न लें। कहीं भी बातचीत करते समय नकारात्मक शब्दों का प्रयोग करना आपकी मान-हानि का कारण भी बन सकता है। इसका असर आपसी संबंधों पर भी पड़ेगा। व्यवसाय- व्यवसायिक कार्यप्रणाली को गति देने का अनुकूल समय है। अपनी ऊर्जा मार्केटिंग संबंधी कार्यों तथा पेमेंट आदि कलेक्ट करने में लगाएं। आर्थिक दृष्टि से समय अनुकूल है। अधीनस्थ कर्मचारियों की किसी गलती की वजह से नुकसान भी हो सकता है। लव- घर-परिवार में शांतिपूर्ण माहौल रहेगा। युवा वर्ग प्रेम संबंधों की बजाय अपने करियर पर ध्यान दें। स्वास्थ्य- अत्यधिक कार्यभार की वजह से शारीरिक और मानसिक थकान रहेगी। अपने कार्यों को दूसरों के साथ बांटने का प्रयास करें। भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 1

तुला – पॉजिटिव- सप्ताह की शुरुआत बहुत ही सुखद होगी। उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा। खासतौर पर महिलाओं के लिए समय बहुत ही अनुकूल व्यतीत होगा। पिछले काफी समय से चल रही कोई चिंता दूर होगी। दूसरों पर ज्यादा ध्यान देने के बजाय अपने कार्यों को व्यवस्थित करें। नेगेटिव- किसी बाहरी व्यक्ति की वजह से आप की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिसकी वजह से मन मस्तिष्क में कुछ तनाव रहेगा। फालतू की उलझन में पड़कर अपना समय बर्बाद न करें। राजनैतिक और सामाजिक गतिविधियों से दूरी बनाकर ही रखें। व्यवसाय- कामकाज को लेकर किए गए प्रयासों में सफलता मिलेगी। पब्लिक डीलिंग करते समय क्लाइंट के साथ वाद-विवाद में पड़ना नुकसान दे सकता है। आय और व्यय में समानता रहेगी। सरकारी सेवारत लोगों को मन मुताबिक अथॉरिटी मिलेगी। लव- आपको जीवन साथी तथा परिजनों का पूर्ण सहयोग मिलेगा। प्रेम संबंधों में भावनात्मक दूरियां आ सकती हैं। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही ना बरतें तथा अपना रेगुलर मेडिकल चेकअप कराएं तथा अच्छे चिकित्सक से परामर्श लें। भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 1

वृश्चिक – पॉजिटिव- घर में धार्मिक अथवा आध्यात्मिक संबंधी कुछ कार्यक्रम संपन्न हो सकते हैं। जिससे सकारात्मक ऊर्जा महसूस करेंगे आपका सिद्धांतवादी दृष्टिकोण समाज में आपको सम्मानित रखेगा। विद्यार्थी तथा युवा वर्ग अपनी मेहनत के अनुकूल परिणाम हासिल करेंगे। नेगेटिव- व्यर्थ की वाद-विवाद से दूर रहे। कोई पैतृक संबंधी मसले को लेकर तनाव रह सकता है। आप भी अपने शंकालु स्वभाव को बदलें और लचीलापन लेकर आएं। शांति पूर्वक तरीके से स्थितियों पर विचार विमर्श करें। व्यवसाय- इस समय आय के साथ-साथ व्यय की स्थिति भी बनी रहेगी। व्यवसाय या नौकरी में किसी प्रकार के परिवर्तन या तबादले की स्थितियां बन रही है। शेयर व रिस्क प्रवृत्ति वाले कामों से बचे। आपके साथ छल या विश्वासघात हो सकता है। लव- पारिवारिक छोटी-मोटी बातों को नजरअंदाज रखें। इससे संबंध बेहतरीन रहेंगे और घर के वरिष्ठ सदस्यों का उचित सहयोग और मार्गदर्शन बना रहेगा। स्वास्थ्य- वर्तमान नकारात्मक वातावरण की वजह से लापरवाही करना उचित नहीं है। थोड़ी सी सावधानी आपको स्वस्थ रखेगी। भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 9

धनु – पॉजिटिव- कहीं इन्वेस्टमेंट करने की सोच रहे हैं, तो तुरंत फैसला लें। सही समय पर सही निर्णय लेने के अनुकूल परिणाम ही मिलते हैं। किसी संतान की विशेष गतिविधि से घर में खुशी का वातावरण रहेगा। अध्यात्म और धर्म-कर्म के कार्यों में भी ध्यान रहेगा। नेगेटिव- अपने व्यक्तिगत कार्यों के बीच यह ध्यान रखना जरूरी है, कि घर के बड़े बुजुर्गों की सेवा में कमी न हो। मामा पक्ष से संबंध खराब ना होने दें। आपसी संबंधों के बीच ईगो न आने दें। यात्रा का प्लान है तो स्थगित कर दें। व्यवसाय- इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में मेहनत अधिक रहेगी। उसका शुभ फल भी शीघ्र ही धन के रूप में मिलने वाला है। अधिकतर समय घर से बाहर की गतिविधियों को पूरा करने में व्यतीत होगा। सरकारी नौकरीपेशा व्यक्ति किसी भी प्रकार के गैरकानूनी काम में ध्यान ना दें। लव- पति-पत्नी के बीच पारिवारिक व्यवस्था को लेकर कुछ मतभेद हो सकते हैं। उनके भावनात्मक संबंधों में कटुता नहीं आएगी। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य ठीक रहेगा। बदलते मौसम की वजह से कोई एलर्जी जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है। भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 2

मकर – पॉजिटिव- काफी समय बाद किसी प्रिय संबंधी से मिलने का अवसर मिलेगा। आपसी मुलाकात खुशी और उमंग भरी रहेगी। सामाजिक गतिविधियों के लिए समय निकालना आपके मान-सम्मान को बढ़ाएगा। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को लेकर सजग रहेंगे। नेगेटिव- किसी भी नकारात्मक गतिविधि में घबराने की बजाय उसका समाधान ढूंढने का प्रयास करें। आपकी कोई महत्वपूर्ण वस्तु खोने या चोरी होने जैसी आशंका बन रही है। अपनी चीजें खुद संभालें। व्यवसाय- व्यवसाय संबंधी किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की वजह से अत्यधिक व्यस्तता रहेगी। बाहरी गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। ऑफिस में अतिरिक्त कार्यभार की वजह से परेशान रहेंगे लेकिन दूसरों की मदद लेना भी नुकसानदायक ही रहेगा। लव- दांपत्य जीवन मधुर रहेगा। लव पार्टनर के साथ अकारण ही किसी बात को लेकर मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य संबंधी नियमों का उल्लंघन करने से आप ही मुसीबत में पड़ेंगे। सावधान रहें और अपना नियमित चेकअप करते रहें। भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 8

कुंभ – पॉजिटिव- इस सप्ताह अनुभवी तथा प्रभावशाली लोगों का मार्गदर्शन मिलेगा। आप अपने कार्य को नया रूप देने के लिए ज्यादा रचनात्मक तरीके अपनाएंगे और सफलता मिलेगी। खर्चे के साथ इनकम बढ़ने से आर्थिक व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी। नेगेटिव- किसी भी समस्या को आपसी सहमति द्वारा हल करने की कोशिश करें। छोटी-छोटी समस्याएं रहेंगी। जिसकी वजह से व्यवहार में कुछ चिड़चिड़ापन रह सकता है। लेनदेन करते समय लापरवाही ना करें, वरना गलती हो सकती है। व्यवसाय- व्यवसायिक कार्यप्रणाली में सुधार आएगा। आय की स्थिति बेहतर होगी। कर्मचारियों तथा सहयोगियों का भी उचित योगदान कार्यक्षेत्र की व्यवस्था को बेहतरीन बनाकर रखेगा। नौकरी में किसी प्रोजेक्ट को लेकर कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। लव- पति-पत्नी आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कुछ समय एक साथ जरूर व्यतीत करें। घर का वातावरण उचित और व्यवस्थित बना रहेगा। स्वास्थ्य- अत्यधिक गरिष्ठ और मसालेदार खानपान से परहेज रखें। एसिडिटी और जलन की समस्या बढ़ने से परेशानी रहेगी। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2

मीन – पॉजिटिव- कोई कानूनी कार्यवाही चल रही है तो इस सप्ताह फैसला आपके पक्ष में आने की संभावना है। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति का सहयोग आपके कार्यों को और अधिक सुगम बनाएगा। अपने किसी खास मिशन को लेकर किए गए प्रयास सफल रहेंगे। नेगेटिव- किसी नजदीकी संबंधी के साथ मनमुटाव जैसी स्थिति बन रही है। बेहतर होगा घर के बुजुर्गों की सलाह से संबंधों को खराब होने से बचाएं। धर्म के नाम पर कोई आपको बेवकूफ बना सकता है, इसलिए सावधान रहें। व्यवसाय- सरकारी नौकरीपेशा लोगों को अचानक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होगी। प्रमोशन मिल सकता है। व्यवसायिक स्थल पर कुछ परिवर्तन करने की जरूरत है। प्रॉपर्टी के बिजनेस से संबंधित कार्यों में कोई महत्वपूर्ण डील फाइनल हो सकती हैं। लव- घर-परिवार का वातावरण सुखद रहेगा। किसी पुराने मित्र से अचानक ही मुलाकात हो सकती है जो कि आश्चर्यजनक रहेगी। स्वास्थ्य- वर्तमान मौसम की वजह से कुछ शारीरिक परेशानियां रहेंगे। लापरवाही ना बरतें, उचित इलाज लें। भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 9