8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

फिल्म ‘120 बहादुर’ का टीजर मंगलवार को रिलीज किया गया है। यह जज्बा और देशभक्ति से भरपूर है। फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक से ही साफ है कि ये फिल्म जंग के मैदान में साहस और बलिदान की गाथा कहेगी।
टीजर में 1962 की रेजांग ला की लड़ाई दिखाई गई है। इसमें 120 भारतीय सैनिकों ने हजारों दुश्मनों के सामने मोर्चा संभाला था। टीजर में गूंजती एक दमदार लाइन – ‘हम पीछे नहीं हटेंगे!’ – फिल्म की असली भावना को दर्शाती है।

मेजर शैतान सिंह भाटी को साल 1963 में मरणोपरांत परमवीर चक्र का सम्मान दिया गया था।
मेकर्स ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर टीजर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “यह वर्दी सिर्फ हिम्मत नहीं, बलिदान भी मांगती है। बर्फ से ढकी जंग और बलिदान से जुड़ी एक सच्ची कहानी पर 120 बहादुर बनी है। इसका टीजर अब रिलीज हो चुका है। फिल्म 21 नवंबर 2025 को नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

फिल्म में फरहान अख्तर के साथ विवान भटेना, अंकित सिवाच जैसे कलाकार भी हैं।
टीजर में फरहान अख्तर गंभीर और शांत दिख रहे हैं। फिल्म की शूटिंग लद्दाख, राजस्थान और मुम्बई में हुई है। इसे अब तक के सबसे बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। जमी हुई बर्फ से लेकर रणभूमि की खामोशी तक, हर फ्रेम में रोंगटे खड़ें हो जाते हैं।
बता दें कि फिल्म को करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर लद्दाख में शूट किया, जहां तापमान कई बार -5 से लेकर -10 डिग्री तक चला जाता था। फिल्म का डायरेक्शन रजनीश घई ने किया है। इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है।